कानपुर में जनगणना-2027 के तहत घर बैठे स्वगणना की सुविधा लोगों के लिए सहूलियत से ज्यादा सिरदर्द बन रही है। पोर्टल कभी खुल नहीं रहा तो कभी मोबाइल नंबर स्वीकार नहीं कर रहा। जानकारी भरने के बाद अगला पेज नहीं खुलता, तो कहीं मकान की लोकेशन चुनने और उसका सत्यापन कराने में अड़चन आ रही है। दोपहर में पोर्टल पर दबाव बढ़ने से समस्या और गंभीर हो जाती है। इन तकनीकी खामियों के बावजूद तीन दिनों में जिले के 17,259 लोगों ने स्वगणना पूरी की है।
यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। स्वगणना में बरेली 33,982 लोगों के साथ पहले और हरदोई करीब 32 हजार लोगों के साथ दूसरे और कानपुर नौवें स्थान पर है। स्वगणना फॉर्म में मकान नंबर, पूरा पता, क्षेत्र और लोकेशन सही दर्ज करना जरूरी है। पता अधूरा या गलत होने पर परिवार की जानकारी दूसरे प्रगणक के एन्यूमरेशन ब्लॉक में दर्ज हो सकती है। इससे सत्यापन के दौरान परेशानी आएगी।