कानपुर देहात में राजस्थान के बालाजी से तीर्थयात्रियों को लेकर उन्नाव के शुक्लागंज जा रही टूरिस्ट बस गुरुवार सुबह करीब पांच बजे खोजाफूल गांव के पास नेशनल हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस सवार दो यात्रियों गंगागंज निवासी बुजुर्ग कृष्णवीर और रामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद 10 गंभीर घायलों को मेडिकल रेफर कर दिया गया। सीएचसी में चिकित्सक पूजा गोयल ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद और एसडीएम रिदम आनंद सीएचसी पहुंचे।