मूसानगर थाना क्षेत्र के बाजपेई का पुरवा गांव में बृहस्पतिवार रात दशहरे के दिन दरवाजे पर बैठने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोप है कि हमलावर युवक को घर से घसीटकर गांव के तिराहे पर ले गए और चाकू से कई वार कर दिए। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े तो आरोपी भाग निकले। गंभीर हालत में परिजन युवक को जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
ग्राम पंचायत गुलौली के बाजपेई का पुरवा निवासी रामगणेश (30) खेती किसानी करते थे। पिता पन्नालाल ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे गांव के ही दो युवक उनके घर के दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों गालीगलौज करते हुए उनके बेटे रामगणेश से कहने लगे कि तुम्हारे पिता दशहरे के दिन उनके दरवाजे पर क्यों बैठ गए थे। बेवजह गाली देने लगे। बेटे ने विरोध किया तो आरोपी उसको घसीटते हुए गांव के तिराहे पर ले गए और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामगणेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे।
परिजन बेटे को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। वह तीनों भाई-बहनों में सबसे छोटा था। अनहोनी पर पत्नी रचना, पिता पन्नालाल और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ राजीव सिरोही और थानाध्यक्ष अमिता वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। सीओ ने बताया कि मृतक की पत्नी ने दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।