झींझक। औरंगाबाद डालचंद के मजरे कोठीपुरवा गांव स्थित तालाब में नहाते समय शुक्रवार को युवक डूब गया। जानकारी पर परिजन उसे पानी से निकालकर सीएचसी ले गए। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद डालचंद्र गांव निवासी अवधेश (20) पुत्र राजेंद्र कुमार गांव के ही कल्लू, संदीप व अन्य युवाओं के साथ घर से शुक्रवार की सुबह होली खेलने की बात कह कर निकला था।
होली के बाद वह कोठीपुरवा के एक तालाब में नहाने पहुंचा और गहराई में जाने से पानी में डूब गया। वहां मौजूद लोगों ने सूचना परिजनों को दी। इस पर परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से अवधेश को बाहर निकाला और झींझक सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।