कोहरे के कारण हाइवे पर लाइट जलाकर रेंगते वाहन।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले में शनिवार को ठंड से एक और मौत हो गई। ठंड से मरने वालों की संख्या 37 हो गई है। शनिवार को सुबह से ही कोहरा छाया रहा। इससे वाहनों की रफ्तार थमी रही। दिनभर धूप नहीं निकली। बादल छाए रहे।
झींझक क्षेत्र के कोठी पुरवा गांव निवासी संतोष ने बताया कि उनकी मां नन्हकी देवी (65) दो दिनों पहले अकबरपुर में रह रहे छोटे पुत्र विजय के घर गई थी। वहां ठंड लगने से शुक्रवार सुबह उनकी हालत बिगड़ गई। उपचार के लिए कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां देर रात उनकी मौत हो गई। इधर, कोहरे की मार से फसलों में होने वाले नुकसान को लेकर किसान सशंकित हैं। बादल होने के कारण सूर्य नहीं निकल रहे हैं। इससे ठंड होने के बाद भी अधिकतम तापमान घट रहा है और न्यूनतम तापमान बढ़ रहा है।
शनिवार की सुबह से जिलेभर में कोहरे की घनी धुंध छाई रही। इससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थमीं रही। शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अपेक्षा न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सप्ताह हल्के बादल छाए रहेंगे।