रनियां। औद्योगिक क्षेत्र रनियां स्थित ऑयल फैक्टरी में बुधवार शाम निर्माणाधीन लोहे की 20 फीट ऊंची टंकी में वेल्डिंग कर रहे दो युवक फर्श पर गिर गए। दोनों घायलों को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से कानपुर रेफर किए गए एक युवक की रास्ते में मौत हो गई।
परिजन शव लेकर फैक्टरी गेट पर पहुंचे और हंगामा किया। सीओ व कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराया। फैक्टरी प्रबंधन व परिजनों के बीच समझौते की बात चल रही है।
रसूलाबाद के लक्ष्मीपुर निवासी रघुवीर का पुत्र आशीष कमल (20) व रनियां के फत्तेपुर रोशनाई निवासी रामकिशन का पुत्र राघवेंद्र कुमार (32) मनटोरा ऑयल फैक्टरी में वेल्डर के पद पर काम करते है।
आशीष कमल फैक्टरी में बने कमरे में ही रहता है। राघवेंद्र कुमार रोज घर से आता जाता था। फैक्टरी में साबुन प्लांट के लिए लोहे की टंकी बनाने काम चल रहा है। बुधवार को आशीष व राघवेंद्र लोहे की टंकी में वेल्डिंग कर रहे थे।
करीब 20 फीट से अधिक ऊंचाई पर काम करने के दौरान दोनों ने सेफ्टी किट नहीं पहनी थी। शाम को करीब छह बजे अचानक संतुलन बिगड़ने पर दोनों टंकी से नीचे फर्श पर आ गिरे। घटना पर अन्य कर्मियों में अफरा तफरी मच गई।
जानकारी पाकर फैक्टरी प्रबंधन के लोग पहुंच गए। उन्होंने दोनों घायलों को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से हालत नाजुक होने पर राघवेंद्र को कानपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
आशीष का रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इधर मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शव ले जाकर फैक्टरी गेट पर रख कर हंगामा किया। परिजनों ने मुआवजे की मांग शुरू कर दी।
इधर सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। इस पर थोड़ी देर में सीओ प्रभात कुमार व कोतवाल विनोद पांडेय पहुंचे और परिजनों को शांत कराया।
फैक्टरी मालिक रमेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि परिजनों से बातचीत की जा रही है। सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की फैक्टरी प्रबंधन से बातचीत हो रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राघवेंद्र के पिता रामकिशन ने बताया कि वह परिवार का कमाऊ सदस्य था। कई वर्षों से फैक्टरी में काम करता था। उसकी मौत से परिजन को न भूलने वाला गम मिला है। घटना की जानकारी के बाद मां रामश्री, पत्नी माधुरी, बेटी श्रेया, पुत्र अनुष्क का रो रोकर बुरा हाल हो गया। (संवाद)