करसा प्रधान डॉ. संजय सिंह एवं उद्दीन गांव के प्रधान रामचंद्र सिंह यादव
- फोटो : amar ujala
कानपुर देहात जिले के दो ग्राम प्रधान पीएम मोदी से बातचीत करेंगे। पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री बेहतर काम करने वाले प्रधानों से वीडियो कॉफ्रेंसिंग केे माध्यम से बात करेंगे। जिले में सरवनखेड़ा के करसा प्रधान डॉ. संजय सिंह व मैथा ब्लाक के मदारपुर गाजीउद्दीन के प्रधान रामचंद्र सिंह यादव का चयन किया गया है, जो प्रधानमंत्री के वीडियो कॉल के दौरान मौजूद रहेंगे। इन प्रधानों ने गांवों में बेहतर काम के साथ सरकार की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का काम किया है।
लॉकडाउन के दौरान सरवनखेड़ा के करसा प्रधान डॉ. संजय सिंह ने 700 परिवारों को साबुन व मास्क वितरित करने के साथ 310 जॉबकार्ड व 23 परिवारों के नए राशन कार्ड बनवाकर उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध कराया। 110 मजदूरों का पंजीकरण कराने के बाद एक-एक हजार रुपये खाते में पहुंचाने का काम किया। 669 परिवारों को निशुल्क मिलने वाला चावल दिलाया। गांव में सरकार की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाया।
मैथा ब्लाक के मदारपुर गाजी उद्दीन के प्रधान रामचंद्र सिंह यादव ने संकट की घड़ी में बाहर से आए 39 लोगों को स्कूल में क्वारंटीन कराने के बाद खाने के बेहतर इंतजाम किए। समय-समय पर सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। दो बार गांव को सैनिटाइज कराया।
किसी समस्या को लेकर गांव के बाहर प्रधान ने कंट्रोल रूम बनाया। लॉकडाउन के दौरान गांव में फंसे 27 बिहार के मजदूर के रहने व खाने की व्यवस्था की। प्रधान ने 51 क्विंटल भूसा जिला स्तरीय भूसा बैंक में देने का काम किया। 68 महिला मनरेगा मजदूरों को काम दिलाने के साथ उनके खाने की व्यवस्था की। प्रधान ने तीन माह का मानदेय सहायता के लिए दिया है।