झींझक। कठिका पारेषण केंद्र से लगरथा रोड झींझक नवीन विद्युत उपकेंद्र को आने वाली 33 केवी लाइन का जैतीपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से पोल टूट गया। जिससे झींझक के दो मोहल्लों व सौ गांवों की बिजली सप्लाई करीब 13 घंटे ठप रही। नया पोल लगने के बाद सप्लाई बहाल हो सकी।
मंगलवार की रात कठिका पारेषण केंद्र से भोलानगर मोहल्ला के लगरथा रोड नवीन विद्युत उपकेंद्र को आने वाली 33 केवी लाइन के पोल में जैतीपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से पोल टूट गया।
जिससे रात करीब 12 बजे विद्युत उपकेंद्र के अकारु, कांशीराम, मंगलपुर, औरंगाबाद व भोलानगर फीडरों से जुड़े कस्बा के भोलानगर व खानपुर रोड मोहल्ला तथा मंगलपुर, मुंडेरा, औरंगाबाद, गौरी, चिरखिरी, परजनी, दया का पुरवा, लगरथा, लालपुर, नसीरपुर समेत सौ गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
विद्युत कर्मियों के नया विद्युत पोल लगाने के बाद बुधवार की दोपहर करीब एक बजे सप्लाई दोबारा चालू हो सकी। बिजली न आने के कारण लोग परेशान रहे। चिरखरी के सौरभ, लगरथा के राघवेंद्र, मंगलपुर के कन्हैया, औरंगाबाद के अमित आदि ने बताया कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली न आने से परेशानी का सामना करना पड़ा।
जेई विद्युत आरबी बाथम ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से विद्युत पोल टूटने से सप्लाई बाधित हुई थी। नया पोल लगाने के बाद सप्लाई बहाल करा दी गई।