शमसाबाद थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया है। थाना क्षेत्र के गांव लुखड़पुरा निवासी एक 23 वर्षीय महिला ने शनिवार को घर के भीतर अज्ञात कारणों के चलते विषाक्त पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।
लोहिया अस्पताल से कानपुर किया गया था रेफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लुखड़पुरा गांव निवासी प्रांशु यादव की पत्नी सीता (23) ने शनिवार को अपने घर में किसी समय जहरीला पदार्थ गटक लिया था। कुछ ही देर बाद जब उसकी तबीयत अत्यधिक खराब होने लगी और उसके मुंह से झाग निकलने लगा, तो ससुराल वाले उसे तुरंत डॉक्टर राममनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे।
तहसीलदार और थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर की जांच पड़ताल
गांव में शव पहुंचते ही आसपास के ग्रामीणों ने इसकी गुप्त सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस की सूचना पर प्रशासनिक स्तर से जांच के लिए तहसीलदार कायमगंज हर्षित सिंह भी लुखड़पुरा गांव पहुंचे।
बच्चा न होने पर प्रताड़ित करने का आरोप
शव के पास पहुंचे मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या करार दिया। मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि सीता की शादी करीब 2 साल पहले प्रांशु यादव के साथ धूमधाम से हुई थी।