सरवनखेड़ा। अकबरपुर थानाक्षेत्र में गजनेर-रायपुर रोड पर बंजारी ताला गांव के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को वहां से हटा दिया।
इससे नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने शव गायब करने का आरोप लगा सड़क जाम कर हंगामा किया। करीब सवा तीन घंटे जाम तक जमा लगा रहा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। अकबरपुर तहसीलदार ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
फतेहपुर रोशनाई निवासी हरिशंकर उर्फ पुत्तन (27) चचेरे भाई कुलदीप (22) के साथ बाइक से गोगुमऊ स्थित पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। उसी दौरान बंजारी ताला गांव के सामने तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए।
हादसे में हरिशंकर की मौके पर मौत हो गई। वहीं, कुलदीप को गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद लोडर से उसका शव अकबरपुर जिला अस्पताल भेज दिया गया।
इधर, हादसे की सूचना पर हरिशंकर व कुलदीप के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस पर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। शवों को मौके पर लाने की मांग कर जाम लगा दिया।
अकबरपुर व गजनेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद अकबरपुर तहसीलदार व डेरापुर सीओ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा कर मामला शांत कराया।
परिजनों ने बताया कि हरिशंकर खेती करता था। वहीं कुलदीप गुजरात में एक प्राइवेट फैक्टरी में नौकरी करता था। वह 10 दिन पहले ही गांव आया था। हादसे के वक्त बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। पुलिस की मुताबिक सिर पर गहरी चोट लगने से दोनों की मौत हुई है।