जिला अस्पताल में खाली पड़ी सर्जन की कुर्सी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। संयुक्त जिला अस्पताल में इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ जुट रही है। इसके बाद भी डॉक्टर लापरवाही बरत रहे हैं। गुरुवार की दोपहर 12 बजे के बाद से सर्जन, ईएनटी और ऑर्थो के डॉक्टर अपने कमरों से नदारद रहे। यहां सिर्फ वार्ड ब्वाय मौजूद मिले। इससे मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ा।
संयुक्त जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पहुंचने का समय सुबह आठ बजे है, लेकिन अधिकांश देरी से सुबह नौ तक पहुंचते हैं। इसके बाद बीच-बीच में कभी चाय तो कभी किसी बहाने से चिकित्सक अपने कमरों से निकल जाते हैं।
गुरुवार दोपहर 12 बजे ईएनटी चिकित्सक आरके चौबे, ऑर्थो के चिकित्सक एनके बाजपेयी, सर्जन डॉ. जसवीर अपनी सीट से नदारद थे। हड्डी रोग विशेषज्ञ के कमरे में मौजूद वार्ड ब्वॉय यहां से मरीजों को फिजिशियन के कमरे में उपचार के लिए भेजता रहा।
इसी तरह सर्जन के कमरे के बाहर खड़े नवीपुर सीधामऊ निवासी सुशील और सोहिल ने बताया कि कॉलेज में दाखिला लेने के लिए सर्जन की रिपोर्ट लगनी है। 20 मिनट से खड़े हैं, लेकिन डॉक्टर नहीं आए। करीब डेढ़ बजे सर्जन व ईएनटी विशेषज्ञ अपने कमरों में पहुंचे और फिर से मरीजों का उपचार किया।
सीएमएस के छुट्टी पर होने के कारण गुरुवार को प्रशासनिक काम की भी जिम्मेदारी थी। इस वजह से हड्डी के कई रोगियों को सीएमएस के कमरे में बैठकर देखा। डेढ़ बजे दिव्यांग बोर्ड में ड्यूटी लगी थी। सर्जन और ईएनटी के डॉक्टर के नदारद होने के मामले में जवाब तलब किया जाएगा। - डॉ. एनके बाजपेयी, आर्थो विशेषज्ञ व प्रभारी सीएमएस।