सुरेंद्र की मौत पर घटना स्थल पर मौजूद लोग। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
शिवली। मांडा गांव में ससुराल आए युवक ने शनिवार को बबूल के पेड़ पर गमछे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के अनुसार युवक मानसिक बीमार था।
कानपुर के थाना शिवराजपुर के महिपाल गांव निवासी सुरेंद्र कुमार कुशवाहा (45) शनिवार सुबह शिवली कोतवाली के मांडा गांव स्थित ससुराल आया था। सुबह करीब दस बजे वह नाश्ता करने के बाद गांव स्थित गिरधारी बाबा मंदिर जाने के लिए निकला।
कुछ देर बाद उसने खेतों की तरफ लगे बबूल के पेड़ पर गमछे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। ग्रामीणों की सूचना पर पत्नी का भाई गुलाब मौके पर पहुंचा। उसने पुलिस को सूचना दी।
गुलाब ने पुलिस को बताया कि बहनोई सुरेंद्र करीब आठ वर्षों से मानसिक बीमार थे। उनका इलाज चल रहा था। अनहोनी पर पत्नी सुमन रोने लगी तो पुत्र ऋषि व पुत्री वर्षा भी बिलख पड़े। वरिष्ठ उपनिरीक्षक यतेंद्र यादव ने बताया कि जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।