रसूलाबाद। शास्त्री नगर निवासी एक युवती ने शनिवार को जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां से उसे हैलट रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान वहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शास्त्री नगर निवासी अनिल कुमार की पुत्री राधा (23) झाऊलाल गजोधर प्रसाद पीजी महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शनिवार सुबह जब घर में कोई नहीं था, तभी उसने जहर खा लिया। कुछ समय बाद घर पहुंचे परिजनों ने राधा को अचेत देखा तो उसे सीएचसी ले गए।
वहां डॉ. रवि कुमार सोनी ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान राधा की मौत हो गई। इस पर मां पप्पी देवी, भाई पंकज, पिता अनिल समेत अन्य परिजन बिलख पड़े। कानपुर में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, थाना प्रभारी भारत सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।