रनियां (कानपुर देहात)। खानचंद्रपुर स्थित फैक्टरी में शनिवार की दोपहर अचानक रेल इंजन के नीचे का फ्रेम गिरने से तीन मजदूर दब गए। कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई।
वहीं गंभीर घायल एक मजदूर का इलाज चल रहा है। इधर, अनहोनी की जानकारी पर पहुंचे मृतकों के परिजनों ने फैक्टरी में हंगामा कर ऑफिस के शीशे व कार में तोड़फोड़ की। एसडीएम डेरापुर व सीओ सदर ने कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के खानचंद्रपुर में मटियामऊ मार्ग पर ट्राइडेंट ऑटो कंपोनेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की दो यूनिट संचालित है। एक नंबर यूनिट में रेल के डिब्बे बनते हैं वहीं, दूसरी यूनिट में इंजन के बाक्स बनते हैं।
शनिवार की दोपहर दूसरी यूनिट में काम चल रहा था। इस दौरान इंजन के फ्रेम को जैक पर रखा गया था। अचानक संतुलन बिगड़ने से यह जैक से गिर गया। इससे नीचे काम कर रहे तातमऊ, शिवली निवासी महेंद्र (22), सौरभ (20) व अकबरपुर के सराय हरपाली निवासी सूरज (23) दब गए।
आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर दौड़कर पहुंचे। वहीं, फैक्टरी में मौजूद श्रमिकों के ठेकेदार जगतपाल ने क्रेन से इंजन का हिस्सा हटवाकर मजदूरों को बाहर निकलवाया। इसके बाद तीनों घायलों को रनियां के निजी अस्पताल में ले गए।
वहां से डॉक्टर ने तीनों को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान महेंद्र व सौरभ की मौत हो गई, जबकि सूरज का इलाज चल रहा है। इधर घटना की जानकारी पर फैक्टरी पहुंचे परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। ऑफिस व खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए।
परिजनों का हंगामा देख कर्मचारी दीवार फांद कर भाग निकले। सूचना पर सीओ अरुण कुमार सिंह तत्काल रूरा, गजनेर व अकबरपुर पुलिस को लेकर फैक्टरी पहुंचे। इस पर कुछ कर्मचारी वापस लौटे।
एसडीएम डेरापुर ज्ञानेश्वर प्रसाद व सीओ ने कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया। कोतवाल विनोद पांडेय ने बताया कि हैलट में ही पोस्टमार्टम होगा। परिजनों से तहरीर मांगी गई है, लेकिन अभी किसी ने नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।