शिक्षक की पिटाई से छात्र की पीठ पर आई चोट। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। असालतगंज जनता इंटर कॉलेज में कक्षा नौ के छात्र को खाना खाते समय शिक्षक ने पीट दिया। इससे वह बेसुध होकर क्लास में गिर गया। मामले की जानकारी पर डीआईओएस ने आरोपी शिक्षक को कॉलेज से हटा दिया है।
एग्घरा बर्राठर्रा गांव निवासी सतेंद्र संखवार का बेटा अभिषेक कुमार जनता इंटर कॉलेज असालतगंज में पढ़ता है। गुरुवार को वह क्लास में पढ़ाई के दौरान खाना खाने लगा। यह देख शिक्षक कुणाल कश्यप ने उसकी लात-घूसों से पिटाई कर दी।
इससे वह बेसुध होकर कक्षा में गिर गया। छात्र की पीठ व शरीर पर कई जगह चोट आई है। सहपाठी छात्र उसे घर ले गए। देर शाम घर पहुंचे छात्र के चाचा सुरेंद्र कुमार उसे थाने लेकर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी।
इधर कुछ लोगों ने मामले की जानकारी डीआईओएस अरविंद कुमार को दी। डीआईओएस के निर्देश पर प्रधानाचार्य अरविंद कुमार त्रिपाठी ने आरोपी शिक्षक को विद्यालय से हटा दिया। थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।