Kanpur Dehat News: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अपनी 'गोरक्षार्थ धर्म यात्रा' के दौरान गाय को राष्ट्र माता घोषित करने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अब अन्य मुद्दों के साथ गाय की सुरक्षा को चुनावी प्राथमिकता बनाएं।
कानपुर देहात में ज्योतिषमठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ‘गोरक्षार्थ धर्म यात्रा’ लेकर पहुंचे। इस दौरान उनका कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। चौरा और भोगनीपुर में मुस्लिम समाज के लोगों ने गाय को राष्ट्र माता घोषित किए जाने के समर्थन में पत्र सौंपा। शंकराचार्य का कालपी यमुना पुल, चौरा, भोगनीपुर चौराहा, पुखरायां किसान आश्रम और संत सुआ बाबा समाधि मंदिर में स्वागत हुआ।
उन्होंने पुखरायां स्थित गोशाला में गाय का पूजन किया। शंकराचार्य ने लोगों को गाय की रक्षा के लिए इस बार मतदान करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अभी तक लोग बिजली और पानी सहित कई अन्य मुद्दों के लिए वोट करते रहे हैं। अब समय है कि गाय की सुरक्षा को भी चुनावी प्राथमिकता बनाया जाए और इसी के अनुरूप सरकार का चयन किया जाए।