बेटी गुंजन, नाती व नातिन री मौत पर बिलखती मां चुन्नी देवी व मौजूद महिलाएं।
- फोटो : AKBARPUR
रनियां (कानपुर देहात)। हाईवे पर मावर गांव के पास बुधवार शाम ट्रक की टक्कर से पांच लोगों की मौत हो गई थी। इसमें मां व दो बच्चे भी शामिल थे। मां और दोनों बच्चों की अर्थी एक साथ उठने पर वहां मौजूद हर शख्स रो पड़ा। परिजन तीनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए कानपुर ले गए।
मांवर गांव के पास अनियंत्रित ट्रक ने डिवाइडर तोड़ते हुए बाइक को रौंद दिया था। पुखरायां के दीन दयाल नगर निवासी अमित कुमार (26), गुंजन उर्फ प्रियंका गुप्ता (26), बच्चे अंश (6) और आरोही (3) और मान सिंह (62) की मौत हो गई थी। डीएम राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर रात में ही शवों का पोस्टमार्टम किया गया था।
गुरुवार सुबह मां और दोनों बच्चों के शव पहुंचे तो घर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका का पति विजय और मां चुन्नी देवीे का रो-रो कर बुरा हाल है। इनायतपुर अकबरपुर निवासी मान सिंह के शव पर परिजन बिलखते रहे। पत्नी विद्या देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। गुरुवार को परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए सेंगुर नदी घाट पर ले गए।
इधर, पुखरायां के दीनदयाल नगर निवासी अमित कुमार का शव गुरुवार को सुबह पुखरायां स्थित घर पहुंचा। मृतक के भाई रवी, नरेंद्र, गोपाल व बहन रानी शव से लिपट कर बिलखते रहे। मृतक के पिता बालकृष्ण ने ट्रक चालक के विरुद्ध लापरवाही से गाड़ी चलाने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भोगनीपुर कोतवाली में तहरीर दी है।
-