झींझक रेलवे स्टेशन पर सफाई करते वेंडर
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। रेलवे स्टेशन झींझक पर तैनात सफाई कर्मी के चार दिन से ड्यूटी से गैर हाजिर चल रहे हैं। इससे यात्रियों को वहां बैठना दुश्वार हो रहा था। इस पर गुरुवार को सफाई का जिम्मा वेंडरों ने संभाला। वेंडरों ने प्लेटफार्मों पर जाकर साफ-सफाई की।
दिल्ली-हावड़ा रूट के झींझक रेलवे स्टेशन पर तैनात नियमित सफाई कर्मी संदीप चार दिन व संविदा कर्मी दो दिनों से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे हैं। इस वजह से स्टेशन के अप व डाउन प्लेट फार्मों पर गंदगी का अंबार लग गया। जगह-जगह फैली गंदगी व कूड़े के कारण यात्रियों का प्लेटफार्म पर बैठना तक दुश्वार हो रहा था।
गुरुवार को स्टेशन पर खानपान सामग्री बेंचने वाले अधिकृत वेंडरों सौरभ, झल्लू, अजय व रमाकांत ने झाड़ू लेकर पूरे स्टेशन की सफाई की। साथ ही यात्रियों को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी व कूड़ा फैलाने के बजाय डस्टबिन का प्रयोग करने की सलाह दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद स्टेशन फिर से चमाचम दिखाई देने लगा।
झींझक स्टेशन अधीक्षक वेद प्रकाश ने बताया कि नियमित सफाई कर्मी चार दिन व संविदा सफाई कर्मी दो दिनों से अनुपस्थित चल रहे हैं। इस कारण गंदगी की सफाई नहीं हो पा रही थी। वेंडरों ने श्रमदान कर स्टेशन की सफाई में सहयोग किया है। सफाई कर्मियों के गैर हाजिर होने की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी गई है।