पीएम की जनसभा स्थल का निरीक्षण करते एडीएम वित्त एवं राजस्व व भाजपा नेता। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले में तीस साल बाद प्रधानमंत्री की चुनावी जनसभा होगी। 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अकबरपुर के शहजादपुर में लोगों को संबोधित करेंगे। किसी प्रधानमंत्री का मुख्यमंत्री के साथ जनसभा में आने का यह संयोग जनपद में दोबारा होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिले की चुनावी जनसभा में आने वाले तीसरे प्रधानमंत्री होंगे। अतीत के आइने में देखें तो सबसे पहले प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी वर्ष 1980 में अकबरपुर में जनसभा करने आई थीं।
इसके बाद प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जून 1991 में चुनावी जनसभा करने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के साथ रूरा के आरपीएस इंटर कॉलेज के मैदान पर आए थे। यह चुनाव 10वीं लोकसभा के साथ विधानसभा के लिए भी हुआ था।
हालांकि समाजवादी जनता पार्टी राष्ट्रीय के प्रत्याशी प्रभूदयाल यादव जनता दल के प्रत्याशी मथुरा पाल से हार गए थे। बनीपारा निवासी चतुर्भज त्रिपाठी बताते हैं कि प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का रूरा की चुनावी जनसभा में आना यादगार क्षण रहा।
अब 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अकबरपुर के शहजादपुर में चुनावी जनसभा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ भी उनके साथ आएंगे। जिले की किसी चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री के आने का यह संयोग 30 साल बाद दोहराया जाएगा।
राजीव गांधी ने किया था अमराहट पंप कैनाल का शुभारंभ
कांग्रेस की सरकार के दौरान प्रधानमंत्री राजीव गांधी भी जिले का दौरा कर चुके हैं। यह चुनावी जनसभा नहीं थी। वह 15 सितंबर 1989 में अमराहट पंप कैनाल का उद्घाटन करने आए थे। उनके साथ मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी भी थे। यहां उन्होंने लोगों को संबोधित भी किया था।