राजपुर में गश्त करते एसडीएम, सीओ व पुलिस बल।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। बाबा साहब के परिनिर्वाण दिवस, छह दिसंबर और जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को सतर्कता बरती गई। पूरे दिन पुलिस और प्रशासनिक अफसर फोर्स के साथ अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। ताकि कोई गड़बड़ी न हो सके।
सुरक्षा के लिहाज से जिले को जोनल और सेक्टर में विभाजित कर अफसरों सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे। डीएम राकेश कुमार सिंह ने सभी एसडीएम को जोनल अफसर नामित कर क्षेत्र में गश्त करने के लिए कहा था। वहीं, एसपी अनुराग वत्स ने पुलिस के जोनल अफसरों की जिम्मेदारी सभी सीओ को सौंपी थी।
तहसीलदार, बीडीओ व थानाध्यक्षों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया था। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में दिन भर गश्त करते रहे। जिले में छह दिसंबर को लेकर कहीं कोई आयोजन नहीं किया गया।
शिवली में धार्मिक स्थलों पर पुलिस तैनात रही। एसडीएम राम शिरोमणि, थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी ने फोर्स के साथ शिवली, बाघपुर, मैथा, भाऊपुर, बैरी समेत कई स्थानों पर गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।