कानपुर देहात। मौसम में हो रहे बदलाव के चलते लोग वायरल की चपेट में आ रहे हैं। हाल यह है कि सोमवार को फिजिशियन की ओपीडी में रिकॉर्ड तोड़ 253 मरीज जुकाम, बुखार और खांसी से पीड़ित आए।
यहां पर सभी का उपचार किया गया। इनमें से कई मरीजों को भर्ती करने से जिला अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड फुल हो गया। इस पर एक बेड पर दो मरीजों के साथ ही बेंच पर लिटाकर भी लोगों का उपचार किया गया।
होली के बाद से मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिला है। दिन में गर्मी तो शाम के समय हल्की ठंडक रहती। इससे वायरल, सर्दी, जुकाम के मरीज बढ़ रहे हैं। इसके अलावा कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में सांस फूलने की समस्या भी सामने आ रही है।
जिला अस्पताल में सोमवार को 1100 मरीज उपचार कराने के लिए पहुंचे। इसमें 253 मरीज खांसी, जुकाम और बुखार से जुड़े आए। सभी का उपचार डॉ. अराधना ने किया।
डॉक्टर ने बताया कि जिन लोगों में काफी दिनों से बुखार बना हुआ है, उन्हें खून की जांच कराने की सलाह दी। वहीं, दोपहर दो बजे तक इमरजेंसी वार्ड फुल हो गया। हाल यह रहा कि इमरजेंसी कक्ष में आने वाले कई मरीजों के वीगो लगाकर उन्हें बिना स्ट्रेचर के वार्ड में भेजा गया।
होली के बाद से वायरल, सर्दी जुकाम के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इससे अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड भर चुका है। अब मरीजों को ट्रामा सेंटर व जनरल वार्ड में भर्ती किया जाएगा। लोग बदलते मौसम में अभी सर्दी की चीजों का कम इस्तेमाल करें। - डॉ. खालिद रिजवान, सीएमएस।