कानपुर देहात/सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के मनेथू गांव में नशे में धुत युवक ने 23 नवंबर को पान मसाले बेच रहे 10 वर्षीय बालक को जूतों से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि पान मसाला लेने के बाद छुट्टा पैसा न होने पर बालक ने युवक को बाद में देने की बात कही थी। इससे गुस्साए युवक ने बालक की पिटाई की। दहशत में बच्चे ने कई दिनों तक असहनीय दर्द झेला। बर्दाश्त न होने पर उसने रविवार की शाम इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन उसे कानपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई। परिजन शव घर ले आए। जानकारी पर इंस्पेक्टर आलोक कुमार, सीओ संदीप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से जानकारी जुटाई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मनेथू गांव निवासी असीन ने बताया कि वह फेरी लगाकर चूड़ी बेचता है। गांव के बाहर एक कमरे में पान मसाला की दुकान है। इसमें पत्नी व बच्चे बैठते हैं। 23 नवंबर को दुकान पर 10 वर्षीय बेटा रिहान बैठा था। तभी गांव का एक युवक शराब के नशे में पहुंचा। उसने बेटे को दस का नोट देकर पांच रुपये का पान मसाला लिया। बेटे ने फुटकर पैसे न होने पर पांच रुपये बाद में आकर लेने की बात कही। इससे नाराज युवक ने बेटे को जूतों से पीटना शुरू कर दिया। उस वक्त वहां कोई और नहीं था। पिता के अनुसार, रिहान के सीने व पेट में अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद बेटा दहशत में था। कई दिनों तक गुमसुम रहने के साथ उसने कुछ नहीं खाया। रविवार को सीने में असहनीय दर्द होने की बात कह घटना की जानकारी दी। इस पर रिहान को अस्पताल ले गए। इंस्पेक्टर आलोक कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।