बिल्हौर। तहसील क्षेत्र के सभी थोक और फुटकर खाद्य वस्तुओं के विक्रेताओं को अब जिला प्रशासन द्वारा विशेष पास उपलब्ध कराए जाएंगे और क्षेत्र में खाद्य वस्तुओं की किल्लत को पूरी तरह दूर किया जाएगा। शासन से आए निर्देश के बाद उप जिलाधिकारी और तहसीलदार ने क्षेत्र के सभी प्रमुख परचून, प्रोविजन और विभिन्न खाद्य वस्तुओं के फुटकर और थोक विक्रेताओं संग बैठक कर विचार विमर्श किया। कानपुर सहित अन्य जिलों से आने वाली खाद्य सामग्रियों के लिए विशेष वाहन पास भी जारी किए जाएंगे।
सोमवार को नई तहसील भवन सभागार में उप जिलाधिकारी साईं तेजा, तहसीलदार अवनीश कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र के प्रमुख और फुटकर दुकानदारों के विक्रेताओं संघ विशेष बैठक हुई। इसमें थोक और फुटकर विक्रेताओं से कोरोना से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखने की बात कही, इसके अलावा प्रोविजन स्टोर से गांव-गांव सप्लाई करने वाले युवाओं को भी विशेष पास जारी कर उनके सप्लाई दोबारा से आरंभ कराने की अनुमति अधिकारियों ने दी गई है। कानपुर सहित अन्य जिलों से आने वाली विविध खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए भी दुकानदारों को विशेष ट्रांसपोर्ट पास दिए जाएंगे। मार्केट में किसी प्रकार की भीड़ न लगे और सोशल डिस्टेंसिंग को भली प्रकार पालन की जिम्मेदारी स्थानीय दुकानदार और विक्रेता की होगी। अधिकारियों की बैठक के दौरान दिनेश पांडे, लाल बहादुर गुप्ता, अनुराग अवस्थी, राम मोहन, पप्पल सहित बड़ी संख्या में विक्रेता-दुकानदार मौजूद रहे।