कानपुर देहात। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक के लिए अभियान चलाया। डेरापुर, रसूलाबाद व मैथा में पेस्ट्री, पनीर व केक समेत छह नमूने भरे गए।
क्रिसमस व नववर्ष मनाने की तैयारी जोरों पर है। ऐसे में दुकानों पर मिलावटी खाद्य सामग्री बिक्री न हो सके इसको लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनीता यादव, सुनील कुमार व सुधा कनौजिया ने कार्रवाई की। तहसील डेरापुर के गलुवापुर में शिवशंकर की दुकान से पेस्ट्री व पनीर का नमूना भरा गया। बिहारी में लवकुश की दुकान से मैदा का नमूना भरा गया। यहां नायब तहसीलदार जगरूप सिंह भी रहे। रसूलाबाद में मेन चौराहा स्थित आशिफ खान की दुकान से चोको बैफर व तिस्ती स्थित राधा किशन केक का नमूना संकलित किया। जबकि मैथा में कुलदीप की दुकान से ब्रेड का नमूना परीक्षण के लिए लिया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि परीक्षण रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान जारी रहेगा।
---