सिकंदरा। कानपुर-आगरा हाईवे में सिकंदरा कस्बे के पास मंगलवार की सुबह राजस्थान की टूरिस्ट बस आगे जा रही ट्रक से टकरा गई। इससे बस के चालक समेत 15 लोग घायल हो गए। बस में कुल 19 लोग सवार थे। घटना की जानकारी पर चार एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सीएचसी भेजा गया। वहां से सात लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी घायल बिहार के रहने वाले हैं। वह राजस्थान के एक पेंट फैक्टरी में काम करते थे। हादसा बस चालक के झपकी लगने से हुआ।
राजस्थान के भिवाड़ी में एक पेंट फैक्टरी में काम करने वाले श्रमिकों ने औरंगाबाद बिहार जाने के लिए कृष्णा टूरिस्ट बस बुक की थी। बस मेें चालक, परिचालक के अलावा 17 लोग सवार थे। सिकंदरा के पास हाईवे पर बस चालक को झपकी लग गई। इससे बस आगे जा रही ट्रक से टकरा गई। घटना के बाद ट्रक लेकर चालक फरार हो गया। वहीं बस सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार एंबुलेंस बुलाई। उनसे घायलों को सीएचसी भेजा गया। वहां से अन्नू (23), निक्की (20), राजेश्वरी (50), गुप्तनाथ (52), चौकड़ राजस्थान के बस चालक गोपाल (48), मूलचंद (28), चंदकुमार (23), को जिला अस्पताल रेफर कर किया गया था। वहां भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। रोहतक जिले के निवासी रंजीत कुमार, उमेश कुमार, बलिया के जितेंद्र ने बताया कि घर जाने के लिए 15 सौ रुपये प्रति सवारी के हिसाब से टूरिस्ट बस बुक की थी। डाक्टर सलिल सचान ने बताया कि घायलों में सीएचसी में महाराज की बेटी सलोनी छह माह, राजेश की एक वर्षीय बेटी निधि, अमित कुमार (30), राहुल कुमार (18), बुधेश्वर (52), किशोर कुमार (25), चंदर कुमार (29), रूप्लेश कुमार (32), समेत 15 घायलों का उपचार किया गया है। थाना प्रभारी ने रामबहादुर पाल ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
----