डेरापुर। कस्बा के डाकघर में कर्मचारियों की कमी से आधार कार्ड बनवाने व संशोधन कराने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ लग रही है। एक दिन में 35 से 40 आधार कार्ड बनाने या संशोधित किए जा रहे हैं। इससे दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों को आवेदन फार्म जमा कर लौटना पड़ता है।
सोमवार को कस्बे की मुख्य बाजार स्थित डाकघर में सुबह से ही आधार कार्ड बनवाने व संशोधन कराने वालों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पोस्टमास्टर कमलेश कुमार मिश्रा व पोस्टमैन योगेंद्र सिंह कार्यालय में मौजूद थे। पोस्टमास्टर ने भारी भीड़ को देखते हुए सभी के आवेदन जमा करा लिए और अगले दिन के लिए टोकन देकर बुलाया। पोस्टमास्टर ने बताया कि एक पोस्टमैन के अलावा कोई सहयोगी कर्मचारी नहीं है। पोस्टमैन को डाक वितरण के साथ कार्यालय का काम भी करना पड़ता है। अब विद्यालय खुलने व स्कॉलर फार्म भरे जाने को लेकर भारी संख्या में लोग आधार कार्ड बनवाने व संशोधन कराने के लिए आवेदन कर रहे हैं। कर्मियों के अभाव में एक दिन में 35 से 40 आधार कार्डों पर ही काम हो पा रहा है। अन्य के फार्म जमाकर उन्हें तारीख व दिन बताकर बुलाया जा रहा है। ताकि वह निश्चित तिथि व समय पर आकर अपना आधार कार्ड संशोधित बनवाएं या संशोधित कराएं। आधार कार्ड बनवाने आए ललपुरवा निवासी ब्रजेंद्र सिंह, खजुर्रा के विशाल सिंह, खजुरी के कमल सिंह, अनिल सिंह, मोहर सिंह पुरवा के प्रदीप सिंह आदि ने बताया कि वह कई दिन से चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनके आधार कार्ड की समस्या हल नहीं हो पा रही है।