कानपुर देहात। सरगांव खुर्द, डेरापुर में रविवार सुबह एक घर में गैस चूल्हा जलाते ही लीकेज गैस से आग लग गई थी। सिलिंडर फटने से दीवार ढह गई थी और छत दरक गई थी। हादसे में तीन महिलाओं समेत 15 लोग झुलस गए थे। सिलिंडर फटने की घटना की जांच आपूर्ति विभाग करेगा। एसडीएम डेरापुर ने डीएसओ को जांच के लिए पत्र लिखा है।
सरगांव खुर्द निवासी महेश सक्सेना ने रविवार को कमरे में रखे गैस चूल्हे को जैसे ही जलाया तो लीकेज गैस से आग लग गई। वह चीखते हुए घर से बाहर भागा। घर में पत्नी रेखा, बेटी संध्या व बेटा अमन के होने की जानकारी पर मोहल्ले के लोगों खिड़की तोड़कर तीनों को बाहर निकाला। इस दौरान आग की चपेट में आकर रेखा और अमन झुलस गए थे। कुछ देर बाद सिलिंडर धमाके के साथ फट गया था। इससे दीवार ढह गई तो छतें दरक गई थी। जबकि, चपेट में आकर 15 लोग झुलस गए थे। महेश दो दिन पहले ही डेरापुर कस्बे की एक गैस एजेंसी से भरा सिलिंडर लाया था। पीड़ित परिवार ने घटना की जांच कराने का एसडीएम से अनुरोध किया था। एसडीएम डेरापुर ऋषिकांत राजवंशी ने बताया कि सिलिंडर फटने की घटना की सघन जांच के लिए डीएसओ को पत्र लिखा है। डीएसओ सुनील कुमार ने बताया कि अभी उन्हें एसडीएम का पत्र नहीं मिला है, पत्र मिलने पर घटना की जांच क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी प्रथम रामचंद्र से कराई जाएगी।