रसूलाबाद। रविवार की रात चौराहे पर तारों के मकड़जाल में आग लगने से गुल हुई बिजली पांच घंटे बाद बहाल हो सकी। वहीं सोमवार की सुबह फाल्ट से चार घंटे कस्बे की बिजली गुल रही। इसकी वजह से जलापूर्ति नहीं हो सकी और लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ा।
निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावों के बीच फाल्टों पर रोक नहीं लग पा रही है। लाइनमैन विद्युत लाइनों की पेट्रोलिंग नहीं करते हैं। रोस्टिंग अवधि में खामियों को दुरुस्त करने पर अफसरों का भी ध्यान नहीं है। रविवार रात लगभग आठ बजे चौराहे पर लगे खंभे में तारों के मकड़जाल में स्पार्किंग के साथ आग लग गई। फाल्ट होने पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तारों में लगी आग अपने आप बुझ गई। करीब पांच घंटे बाद फाल्ट दुरुस्त किया जा सका। रात एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। सोमवार सुबह फिर से मेन लाइन में आए फाल्ट से बिजली आपूर्ति धड़ाम हो गई। इसकी वजह से कस्बे की जलापूर्ति ठप रही। लोगों को हैंडपंप से पीने का पानी भरकर लाना पड़ा। चार घंटे बाद लगभग दस बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। एसडीओ गौरव द्विवेदी ने बताया कि लाइनमैनों को पेट्रोलिंग करने और केबल का मकड़जाल हटाने को कहा गया है। लापरवाही करने वाले लाइनमैनों पर कार्रवाई होगी।