डेरापुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य में लगाए गए सात बीएलओ ने दो सप्ताह बीतने के बाद भी सामग्री नहीं उठाई है। कार्य निर्वहन में लापरवाही मानते हुए एसडीएम ने संबंधित बीएलओ को एफआईआर की चेतावनी देकर बीईओ को पत्र भेजा है।
निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो गया है। दो सप्ताह बीतने के बाद भी आठ बीएलओ उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण संबंधी सामग्री भी नहीं प्राप्त की। इनमें डेरापुर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय ललपुरवा की शिक्षामित्र उमा देवी, किशवाखेड़ा विद्यालय की अनुदेशक प्रियंका पाल, रतनियांपुर विद्यालय की अनुदेशक सीता देवी, उलरापुर विद्यालय का अनुदेशक किशुन कुमार, सिठमरा जूनियर स्कूल के सहायक अध्यापक योगेंद्र सिंह, पिपरी पितरहार की शिक्षा मित्र सीता देवी, राजपुर विद्यालय के अनुदेशक की लापरवाही सामने आई है। सोमवार को एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी ने बीईओ को पत्र भेजकर नाराजगी जताई है। एसडीएम ने बताया कि सामग्री प्राप्त कर पुनरीक्षण कार्य नहीं करने वाले बीएलओ पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।