कानपुर देहात। अस्थाई दुकानदारों ने एआरटीओ कार्यालय के बाहर सड़क किनारे अतिक्रमण कर लिया है। ऐसे में यहां भीड़ रहती है। राहगीरों का निकलना मुश्किल होता है।
कोतवाली के विपरीत दिशा में थोड़ी दूर पर एआरटीओ कार्यालय स्थित है। यहां सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकानें लगाई जा रही हैं। कई दलालों ने यहां अस्थाई रूप से लकड़ी के तख्त डालकर दुकान सजा ली है। वहीं फार्म, फोटो बनाने वालों या फिर फोटो कापी करने वालों ने भी अतिक्रमण कर लिया है। ठेलिया पर खाने-पीने की वस्तुएं बेचने वाले भी यहां कब्जा किए हैं। अतिक्रमण की वजह से सर्विस लेन पर भीड़ अधिक रहती है। इससे राहगीरों को दिक्कत होती है। कई बार वाहन की चपेट में आकर राहगीर चुटहिल होते हैं। नगर पंचायत प्रशासन ने पिछले वर्ष अभियान चलाकर सड़क किनारे से अतिक्रमण साफ कराया था, लेकिन अब फिर से यहां कब्जेदार जम गए हैं। नगर पंचायत अकबरपुर के वरिष्ठ लिपिक राजेश कुमार ने बताया कि कोरोना आपदा का फायदा उठाकर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। एसडीएम अकबरपुर को अवगत कराया जाएगा। जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।