अकबरपुर में दुकान पर लड्डू गोपाल को पगड़ी पहना कर देखती युवती।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। इस बार जन्माष्टमी पर्व मंगलवार व बुधवार दो दिन मनाया जाएगा। सोमवार को बाजारों में सजावटी सामग्री के साथ ही लड्डू गोपाल, श्रीकृष्ण व राधा के लिए चमचमाती पोशाकों की खरीदारी लोग करते रहे। लोगों को लड्डू गोपाल की पगड़ी खूब भा रही है। लड्डू गोपाल की मूर्ति की खरीदारी भी हुई।
अकबरपुर में सदर बाजार में कई दुकानों पर लड्डू गोपाल की मूर्ति व पालना में बैठे श्रीकृष्ण, माखन खाते कान्हा की मूर्ति विशेष आकर्षक रहीं। लड्डू गोपाल के सिर पर सजाने के लिए रंग-बिरंगी पगड़ी भी खूब खरीदी गई। आकर्षक मुकुट, मोतियों की रंग-बिरंगी माला, बांसुरी, मोर पंख भी लोगों ने खरीदें। रूरा, शिवली, झींझक, सिकंदरा व राजपुर में भी कान्हा की पोशाक, मोर मुकुट व अन्य सजावटी सामग्री की दुकानें सजी रहीं। लोगों ने दुकानों से मनपंसद सजावटी सामग्री की खरीदारी की।
बाजार में लड्डू गोपाल की अलग अगल साइज की मूर्तियां सजाई गई। छोटे साइज की मूर्ति सौ रुपये और कुछ बड़ी मूर्तियां तीन सौ रुपये तक में मिल रही हैं। दस रुपये में मुकुट, 50 रुपये में बांसुरी, 20 से 50 रुपये में बाजू बंद, सौ रुपये में माला की बिक्री दुकानदार कर रहे हैं। श्रीकृष्ण की पोशाक 30 से लेकर दौ सौ रुपये में उपलब्ध है। 20 रुपये में मोर पंख की बिक्री हुई। लोगों ने रेशम की गद्दी व तकिया भी खरीदी।
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर इस बार श्रीकृष्ण के मंदिरों में जन्मोत्सव पूजन तक ही सीमित रहेगा। पुलिस लाइन में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम स्थगित रहेगा। सिकंदरा के बुधौली गांव में हरदेव जी व रसधान में केशव देव जी मंदिर में इस बार जन्मोत्सव सादगी से होगा। यहां हर वर्ष काफी संख्या में भक्तों की मौजूदगी में उल्लास से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने की परंपरा रही है, लेकिन कोरोना आपदा की वजह से सीमित भक्तों की मौजूदगी में पूजन कर जन्मोत्सव मनाया जाएगा।