कानपुर देहात। कोरोना वायरस और संचारी रोग से बचाव के लिए साप्ताहिक बंदी के दूसरे दिन रविवार को बैरियर पर पुलिस सख्त रही। बाजार बंद रहने से सन्नाटा रहा। बैरियर हर आने जाने वाले को रोककर पुलिस ने पूछताछ की। बेवजह निकले लोगों को वापस किया गया। वहीं कागजात पूरे न होने व अन्य खामियों पर वाहनों के चालान किए गए।
अकबरपुर में अंडरपास व माती रोड पर पुलिस ने वाहनों की जांच की। 35 वाहनों का चालान किया गया। रूरा चौराहे पर बैरियर पर भी चेकिंग की गई। वहीं अकबरपुर सदर बाजार में सन्नाटा रहा।
झींझक प्रतिनिधि के अनुसार, मंगलपुर थाना क्षेत्र के सभी कस्बों में बाजार बंद रहे। झींझक, मंगलपुर, कंचौसी कस्बों में केवल आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलीं। बाहर निकले लोगों से पुलिस ने पूछताछ की और बेवजह घूूमने पर कई को घर भेजा। एसएसआई विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि बंदी का सख्ती से पालन कराया गया। रसूलाबाद में बैरियर पर चेकिंग की गई। 20 वाहनों के चालान काटे गए। एसडीएम अंजू वर्मा व सीओ राम शरण सिंह ने भ्रमण किया। वहीं, शिवली, रूरा, अकबरपुर नगर निकायों में कीटनाशक छिड़काव कराया गया। सिकंदरा में बंदी के दिन दुकानें बंद रहीं। राजपुर में भी बाजार बंद रहा। केवल आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलीं। पुलिस लगातार भ्रमण पर रही।