कानपुर देहात। मिसिरपुर में पुरानी रंजिश में चाचा की हत्या करने वाले आरोपी भतीजों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई। पुलिस की दो टीमों ने शुक्रवार रात हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर दबिश दी।
गुरुवार रात राम औतार उर्फ कन्हई लाल (62) के सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के बेटे अरविंद के सिर में भी गंभीर चोटें आई थीं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अरविंद ने पिता की हत्या में चचेरे भाई सोगेंद्र, नरेंद्र व ताऊ रामभजन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्यारोपी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस ने दो टीमें बनाकर मुख्य आरोपी सोमेंद्र व नरेंद्र की तलाश शुरू की है। शुक्रवार रात पुलिस ने संभावित कई ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन हत्यारोपी हत्थे नहीं चढ़ सके। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि पुलिस लगातार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। संभावित ठिकानों पर दबिशें दी गई हैं। जल्द ही हत्यारोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।