पूर्व प्रधान के घर पर चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात/सरवनखेड़ा। जलालपुर गांव में बुधवार की रात चोरों ने पूर्व प्रधान व उसके भाई के घर से तीन लाख के नकदी-जेवर पार कर दिए। सुबह अलमारियों के ताले टूटे व सामान बिखरा पड़ा मिला। खेतों पर भी बक्से मिले। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इंस्पेक्टर आलोक कुमार ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
जलालपुर के पूर्व प्रधान विनोद कुमार सक्सेना ने बताया कि छत से चढ़कर चोर घर में दाखिल हुए। बेटा शिवम व बहू एक कमरे में सो रहे थे जबकि दूसरे कमरे में रखी अलमारी व बक्सा के ताले तोड़कर चोर 13 हजार रुपये व करीब एक लाख रुपये के जेवरात ले गए। वहीं, बगल में स्थित भाई विजय बहादुर सक्सेना के घर से चोर 33 हजार रुपये, करीब दो लाख के जेवरात ले गए। ग्रोथ सेंटर चौकी इंचार्ज धीरेंद्र पटेल व इंस्पेक्टर आलोक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड से सुराग लगाने की कोशिश, लेकिन वह कुछ दूर घूम कर भटक गया। इधर एक बक्सा व एक बैग खेतों में पड़ा मिला। बैग के अंदर पर्स था, इसमें 11500 रुपये थे। हड़बड़ी में चोर बैग की ठीक से तलाशी नहीं ले पाए थे। यह रुपये विजय बहादुर के थे।