जालौन जिले के कुठौंद बीहड़ में छानबीन करती अकबरपुर पुलिस।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। खंडवा मध्य प्रदेश के ज्योतिषी के अपहरण में 16 लोग शामिल थे। इनमें से भाजपा के जिला मंत्री रह चुके सत्यम चौहान समेत तीन लोग गिरफ्तारी के बाद जेल भेजे जा चुके हैं। अब पुलिस को अन्य 13 लोगों की तलाश है। पांच लोगों को पुलिस ने चिह्नित कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस को ज्योतिषी ने बताया है कि अपहरणकर्ताओं में वह सिर्फ बिहार के ज्योति को जानता था। बाकी सब लोगों के चेहरे उसके लिए नए थे। उसे मध्य प्रदेश से कानपुर देहात तक बुलाने में रोहित की भूमिका रही। अपहरण में भाजपा नेता सत्यम चौहान टीम लगी थी।
ज्योतिषी सुशील तिवारी को 19 जुलाई को एक बॉक्स को चमत्कारिक बताते हुए चेक कराने के बहाने मध्य प्रदेश से नबीपुर के हाइवे प्वाइंट होटल में बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर ज्योतिषी व उसके चालक सुनील का अपहरण कर एक करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। 21 जुलाई को सुबह पुलिस ने अकबरपुर निवासी भाजपा नेता सत्यम चौहान, कैमाहा डेरापुर के पंकज, मोतिहारी बिहार के रोहित को गिरफ्तार कर ज्योतिषी और चालक को सेंगुर नदी पुल के पास से छुड़ाया था। ज्योतिषी ने पुलिस को बताया कि उसके अपहरण, मारपीट और स्थान बदलने में 16 लोग शामिल रहे हैं। पुलिस अभी तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर चुकी है। अदालत ने तीनों को जेल भेज दिया था। अपहरण के दौरान मारपीट में मोतिहारी बिहार का ज्योति कुमार भी शामिल रहा। वह अभी फरार है। ज्योति को ज्योतिषी पहले से जानते थे। पुलिस ने फरार चल रहे 13 लोगों में पांच लोगों को चिह्नित कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
ज्योतिषी ने बताया कि अपहरण के बाद उसकी पिटाई करते समय कनपटी पर पिस्टल लगाकर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। उसे लगता था कि अब अपहरणकर्ता उसे गोली मार देगे, लेकिन भगवान का शुक्र है कि वह सही-सलामत है। अपहरण और मारपीट में शामिल कई लोगों के पास रिवाल्वर, पिस्टल थे। एक के पास स्टील जैसी चमकने वाली पिस्टल थी। पुलिस सत्यम की टीम में शामिल युवाओं के असलहों के बारे में जानकारी कर रही है।
ज्योतिषी के अपहरण में शामिल भाजपा नेता सत्यम चौहान के अकबरपुर स्थित माती रोड आवास में पुलिस ने गुरुवार को छापा मारा। मकान में पुलिस को एक बाइक खड़ी मिली। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा की है। पता किया जा रहा है कि यह बाइक किसकी है। पुलिस का अनुमान है घटना में शामिल कोई युवक सत्यम के घर आया होगा। पुलिस का दबाव बढ़ने पर वह बाइक सत्यम के यहां छोड़कर फरार हो गया होगा।
बुधवार को ज्योतिषी सुशील तिवारी व सुनील कुमार को लेकर पुलिस बीहड़ में पहुंची थी। पुलिस उसके साथ अपहरणकर्ताओं के ठिकाने तलाशने के लिए तुर्कीमऊ गांव के एक ट्यूबवेल से जालौन के कुठौंद के बीहड़ तक घूमती रही। बीहड़ के एक मंदिर के पुजारी से पूछताछ की। देर रात पुलिस सभी जगह की खाक छानने के बाद किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। इसकी वजह रही कि ज्योतिषी उन जगहों को पहचान नहीं पा रहे हैं। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि घटना में शामिल कुछ और बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद पूरी स्थिति साफ हो जाएगी। ज्योतिषी को रखने में मदद करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
----