कानपुर देहात। जिले की पांच ग्राम पंचायतों को बेहतर कार्य करने पर मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सभी ग्राम पंचायतों को 25 लाख रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप दी गई है।
सीडीओ जोगिंदर सिंह ने बताया कि कायाकल्प, शौचालय निर्माण, शिकायतों के निस्तारण सहित 21 बिंदुओं पर बेहतर काम करने वाली 21 ग्राम पंचायतों को जिला स्तर पर मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना में नामित किया गया था। मंडल स्तर पर इनमें से उत्कृष्ट कार्य पर सात पंचायतों को नामित कर प्रस्ताव प्रदेश स्तर पर भेजा गया था। शासन स्तर पर सबसे उम्दा कार्य करने वाली सरवनखेड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत करसा गांव को प्रथम पुरस्कार में आठ लाख रुपये की धनराशि से सम्मानित किया गया है। इसी तरह डेरापुर के उदनापुर को द्वितीय स्थान देकर सात लाख रुपये, झींझक ब्लॉक के किशौरा गांव को तीसरा स्थान देकर पांच लाख रुपये, सरवनखेड़ा के लोदीपुर गांव को चौथा स्थान देकर तीन लाख रुपये व राजपुर के विलासपुर बांगर को पांचवा स्थान देकर दो लाख रुपये से पुरस्कृत किया गया है।