कानपुर देहात। साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने पर अधिवक्ताओं ने सोमवार को काम नहीं किया। इससे वादकारी तारीख लेकर लौट गए। अधिवक्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर जांच की मांग उठाई है।
22 फरवरी को शिवरात्रि पर कुरवा खुर्द गांव के पातालेश्वर मंदिर परिसर में कार्यक्रम चल रहा था। अधिवक्ता गिरजाकांत त्रिपाठी ने बताया कि वह एक शादी समारोह से दस बजे घर पहुंचे तो तेज आवाज में बज रहे लाउड स्पीकर बंद करने व अश्लील डांस का विरोध किया। इस पर वहां मौजूद बिरसिंहपुर चौकी के दो सिपाहियों ने उनका लाइसेंसी रिवाल्वर छीनकर फायर कर दिया और रिवाल्वर लेकर चले गए। फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे गए। इधर पुलिस का कहना था कि वकील ने फायरिंग की थी। इस पर शस्त्र दुुरुपयोग की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सोमवार को अधिवक्ता समिति के तहसील अध्यक्ष दिलीप यादव व महामंत्री समरजीत गुप्ता के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने एसडीएम आनंद कुमार सिंह के माध्यम से डीएम को पत्र भेजा। घटना की जांच कराने व दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। मामले का निस्तारण न होने तक अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का फैसला लिया है। इस मौके पर अमित श्रीवास्तव, सुरेंद्र शर्मा, सत्यनारायन गुप्ता, वीरेंद्र अग्निहोत्री, नत्थू सिंह गौर, मदन मोहन शुक्ला मौजूद रहे।