राजपुर। नगर पंचायत में निकलने वाले कूड़े का जल्द ही आसानी से निदान हो सकेगा। इसके लिए 33.67 लाख रुपये से मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।
राजपुर नवसृजित नगर पंचायत है। नगर को साफ-सुथरा करने के लिए स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत कूड़ा निस्तारण की योजना है। यहां मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर बनाने के लिए शासन की ओर से 33.67 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है।
अफसरों के मुताबिक पहले चरण में एक मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर बनाया जाएगा। इससे कूड़े का निपटारा होने लगेगा। नगर साफ सुथरा बनेगा और जगह जगह एकत्र गंदगी के ढेर खत्म होंगे। कूड़ा निकलने के अनुसार सेंटर की संख्या और बढ़ाई जा सकती है।
तीन हजार घरों पर एक सेंटर बनाने का नियम है। अब भूमि चिह्नित की जाएगी। यहां पर गीला और सूखा कूड़ा अलग अलग एकत्र किया जाएगा। इसके बाद सूखे कूड़े से पॉलीथिन, प्लास्टिक, कागज, घड़ी के सेल आदि सामान अलग कर लिया जाएगा।
यह स्क्रेप व्यापारियों को विक्रय किया जाएगा। वहीं गीले कूड़े से जैविक खाद तैयार की जाएगी। राजपुर नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि एमआरएफ सेंटर का मकसद नगर पंचायत के 14 वार्डों को साफ सुथरा बनाना है।
सेंटर बनाने के लिए शासन से धनराशि मिली है। एमआरएफ सेंटर से कूड़ा निस्तारण होने पर मोहल्ले साफ सुथरे होंगे, वहीं लोगों को साफ स्वच्छ परिवेश मिलेगा।