सिकंदरा (कानपुर देहात)। खोजाफूल कस्बे में बंदरों का आतंक है। पिछले तीन दिन में बंदरों ने 36 बच्चों को काटकर घायल कर दिया है। मंगलवार को ग्रामीण एसडीएम से मिले और कार्रवाई की मांग की है।
खोजाफूल के ललित अवस्थी, शैलेंद्र कुमार, अमर सिंह, मान सिंह ने एसडीएम को बताया कि गांव में बंदरों ने आतंक फैला रखा है। लगातार बच्चों को काटकर घायल कर रहे हैं। बंदरों के आतंक से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। परिजन घायल बच्चों का इलाज सीएचसी सिकंदरा और प्राइवेट अस्पतालों में करा रहे हैं।
बंदरों का झुंड घरों में घुसकर लोगों का सामान बर्बाद कर रहे हैं। बंदरों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण रात में घरों से निकलने में कतरा रहे हैं। बंदर के काटने से क्षमा, तनमन, अमित अवस्थी, अनख, अनुष्का, साक्षी, नरेंद्र इलाज करा रहे हैं। एसडीएम सिकंदरा रमेश चंद्र ने बताया कि समस्या से वन विभाग को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही बंदरों से निजात दिलाई जाएगी।