झींझक (कानपुर देहात)। कस्बा के सम्राट अशोक नगर मोहल्ले में गुरुवार की रात दूल्हे के पिता से एक लाख रुपये से भरा बैग लूटकर भाग रहे बदमाशों ने पीछा करने पर दो लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना के अंजाम देने के बाद बदमाश वैन में सवार होकर भाग गए। पुलिस ने दूल्हे के पिता समेत दोनों घायलों को झींझक सीएचसी में भर्ती कराया है। मंगलपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
झींझक कस्बा के ओमनगर मोहल्ला निवासी संतोष दीक्षित ने बेटी दीक्षा का विवाह मंगलपुर के परौंख गांव निवासी अनुराग शुक्ला के बेटे सर्वेंद्र के साथ तय हुई थी। गुरुवार की रात झींझक में रेलवे फाटक के पास स्थित माडर्न गेस्ट हाउस में विवाह समारोह चल रहा था। इधर, रात करीब 9:45 बजे बराती बैंड-बाजा की धुन पर नाचते हुए गेस्ट के हाउस के पास पहुंचे, तभी बरात के साथ चल रहे दूल्हे के पिता सर्वेंद्र से वैन पर सवार बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
वह कुछ समझ पाते की वैन तेजी से आगे निकल गई। इस पर सर्वेंद्र और दुल्हन के भाई मोनू दीक्षित ने वाइक से बदमाशों का पीछा किया। झींझक रूरा रोड पर खमहैला गांव के सामने मोनू ने ओवर टेक करके वैन रोक ली। इस पर बदमाश वैन से उतरे और सर्वेंद्र व मोनू को चाकू मारकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश वैन में बैठकर भाग गए। सर्वेंद्र ने बताया कि बैग में करीब एक लाख रुपये थे। थाना प्रभारी शिव कुमार राठौर ने बताया कि अभी तहरीर नही मिली है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।