झींझक (कानपुर देहात)। झींझक कस्बा का में गुरुवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक ने किसान गोविंद (45) को कुचल किया। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने रसूलाबाद-सिकंदरा रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। मुआवजे और हादसा स्थल पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पाकर सीओ डेरापुर व रसूलाबाद कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अफसरों ने गुस्साए लोगों को शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। तब करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका। इस दौरान रसूलाबाद मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
झींझक के वार्ड नंबर दो लोहिया नगर निवासी गोविंद को साइकिल से गृहस्थी सामान खरीदने बाजार जा रहे थे। द्वारिकागंज मोहल्ला में नहर पुल की तरफ से आ रहे ट्रक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरे और ट्रक के पहिये के नीचे आ गए। हादसे में गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों मुआवजा दिलाने व हादसा स्थल पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने की मांग को लेकर रसूलाबाद-सिकंदरा मार्ग पर शव रख जाम लगा दिया।
हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीओ डेरापुर आरके मिश्रा, सीओ रसूलाबाद आरएस सिंह, तहसीलदार डेरापुर लाल सिंह यादव ने लोगों को समझा कर शांत कराया। तब करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलपुर थाना प्रभारी शिव कुमार राठौर ने बताया कि हादसे के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता दिलाई जाएगी।
डेढ़ घंटे जाम में फंसे वाहन
झींझक। रसूलाबाद-सिकंदरा मार्ग पर जाम लगाए जाने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। ट्रक, कार समेत तमाम वाहन जाम में फंसे रहे। हंगामे के चलते वहां बाइक तक निकलने की गुंजाइश नहीं रही। कस्बे का मुख्य मार्ग होने की वजह से लोगों को दिक्कतों को सामना करना पड़ा।