कानपुर देहात। फास्टैग के लिए आवेदन करने के बाद भी लोगों के वाहनों में फास्टैग नहीं लग पा रहा है। इससे वाहन स्वामी परेशान हैं। साथ ही टोल से निकलते समय दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, फास्टैग सिस्टम लागू के बाद से अभी तक वाहन स्वामियों को टोल पर जाम से जूझना पड़ रहा है।
15 दिसंबर से बारा टोल प्लाजा पर फस्टैग सिस्टम लागू हो चुका है। इसके लिए वाहन स्वामियों ने समय रहते फास्टैग के लिए आवेदन भी कर दिए थे। इसके बाद भी उन्हें फास्टैग मिलना तो दूर की बात टोल पर सही जानकारी तक नहीं मिल पा रही है। ऐसे में कानपुर आने जाने के लिए बारा टोल पर पहुंचने पर वाहन स्वामियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, टोल पर रविवार को आठवें दिन भी जाम लगा रहा है। इसमें फंसकर काफी देर तक वाहनों पर सवार लोग परेशान रहे।