पुखरायां (कानपुर देहात)। सीएमओ डॉ. हीरा सिंह ने सीएचसी पुखरायां परिसर और वार्डों में गंदगी देख नाराजगी जताई। वार्ड में भर्ती मरीजों के पास कंबल और चादर न मिलने पर नर्स को सीएमओ ने फटकार लगाई। सीएमओ ने अस्पताल में सफाई और मरीजों की सुविधाओं को ध्यान रखने के निर्देश सीएचसी प्रभारी व कर्मचारियों को दिए हैं।
सीएमओ और एसीएमओ डॉ. एपी वर्मा ने रविवार को सीएचसी पुखरायां का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर, वार्ड व पानी पीने के स्थान पर गंदगी फैली देख सीएमओ ने नाराज हो गए। उन्होंने संविदा सफाई कर्मी मानसिंह व वार्ड ब्वाय राजेश कुमार को साफ सफाई करने के निर्देश दिए। वार्ड में मौजूद प्रसूता सरांय की रश्मि व हांसेमऊ की अंजू से भोजन व नाश्ते के बारे जानकारी की। वार्ड में भर्ती मरीजों के बेड पर चादर व कंबल न देख नर्स मुन्नी देवी को फटकार लगाई।
साथ ही मरीजों की सुविधाओं का ध्यान रखने व वार्ड को साफ-सुधरा रखने के निर्देश भी दिए। इसके बाद सीएमओ ने आकस्मिक कक्ष देखा। वहां पर रखे आक्सीजन सिलिंडर में गैस कम होने पर उसे बदलने की बात कही। चिकित्सक डॉ. मनोज को आकस्मिक कक्ष में रखी अलमारी में पेंट कराने व हेल्प डेस्क बनवाने के निर्देश दिए। प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान नर्स से रविवार को कराए गए प्रसव की जानकारी ली।