पुत्री की मौत पर बिलखती प्रीति। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही 11 वर्षीय बालिका वहां खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट आने से वह बेहोश हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर सुनते ही परिजनो में कोहराम मच गया। यह हादसा सोमवार को दोपहर अकबरपुर के इनायतपुर गांव में हुई।
इनायतपुर निवासी सुखवीर रनियां की एक फैक्टरी में ठेकेदारी करता है। सोमवार को यह ड्यूटी पर गया था। पत्नी प्रीति वट सावित्री व्रत पूजन की तैयारी में जुटी थी। पुत्री महक (11) व बेटा राज आसपास के अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहे थे।
खेल के दौरान दौड़ लगाने पर महक घर के पास खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से टकराकर सिर में चोट आने से बेहोश होकर गिर गई। जानकारी मिलने पर मां प्रीति पड़ोसियों की मदद से जिला अस्पताल लेकर पहुंची।
वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुत्री की मौत से मां बदहवास हो गई। सूचना मिलने पर सुखवीर ने अस्पताल पहुंचकर रोती-बिलखती पत्नी को संभाला। बाद में परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर शव गांव लेकर चले गए।