कानपुर देहात। कंचौसी के दर्शन सिंह स्मृति महाविद्यालय में 25 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में एक घंटे 20 मिनट तक केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक 25 सितंबर की सुबह 10:15 बजे नागपुर एयरपोर्ट से उनका विशेष विमान कानपुर नगर के लिए उड़ान भरेगा। वह सुबह 11:45 बजे वह कानपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वहां से दोपहर 12:20 बजे हैलीकाप्टर से दर्शन सिंह स्मृति महाविद्यालय कंचौसी आएंगे।
यहां से दोपहर 1:40 बजे हैलीकाप्टर से कानपुर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे। दोपहर दो बजे कानपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां वीआईपी लॉज में कानपुर रीजन के एनएच प्रोजेक्ट को लेकर अधिकारियों के साथ रिव्यू मीटिंग करेंगे। दोपहर 2:30 बजे कानपुर एयरपोर्ट से विशेष विमान से जयपुर रवाना हो जाएंगे।
आईजी पहुंचे कंचौसी, देखा हैलीपैड
डेरापुर। कानपुर जोन के आईजी प्रशांत कुमार ने शुक्रवार देर शाम सात बजे कंचौसी पहुंचकर दर्शन सिंह स्मृति महाविद्यालय में केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
साथ ही निर्माणाधीन हैलीपैड को भी देखा। आईजी के साथ एसपी सुनीति, एडीएम जेपी गुप्ता, एएसपी घनश्याम चौरसिया मौजूद रहे। उन्होंने जेई पीडब्ल्यूडी से बरसात के चलते हैलीपैड के पास से मिट्टी की नमी को दूर करने के प्रयास करने को कहा।
उन्होंने जनसभा के पंडाल को देखा और इसकी लंबाई चौड़ाई व क्षमता की जानकारी की। आईजी ने दर्शन सिंह स्मृति महाविद्यालय परिसर में लगी सांसद देवेंद्र सिंह की दिवंगत माता-पिता की प्रतिमा को भी देखा।
इसके बाद महाविद्यालय के सभागार में सांसद व उनके भाई राजेंद्र सिंह उर्फ राजू के साथ बैठक कर वाहनों पार्किंग, कार्यक्रम में आने वाली भीड़ व अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की।