कानपुर देहात। जनपद में शुक्रवार को लालपुर स्टेशन में अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं ने रेलवे ट्रैक जाम कर प्रदर्शन किया था। शनिवार को भी प्रदर्शन की आशंका के चलते पुलिस बल रेलवे स्टेशन और बस डिपो में तैनात रहा। हालांकि कोई प्रदर्शनकारी यहां तक नहीं पहुंचा।
लालपुर स्टेशन पर एसपी स्वप्निल ममगाई ने एक दर्जन इंस्पेक्टरों की टीम को तैनात कर दिया गया है। टीम कई टुकड़ों में गश्त करती नजर आईं। इंस्पेक्टर कपिल दुबे ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस मुस्तैद है। उन्होंने बताया कि लालपुर स्टेशन में कोई प्रदर्शनकारी नहीं पहुंचा।
वहीं, सीओ अकबरपुर प्रभात कुमार ने भी रेलवे स्टेशन लालपुर का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों का आवश्यक दिशा निर्देश दिए। लालपुर में शुक्रवार को हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस शनिवार को गलियों में गश्त करती भी दिखाई दी।
रेलवे स्टेशन में आने वाले हर व्यक्ति पर पुलिस की नजर रही और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई। वहीं, प्रदेश के कई हिस्से में बस में आगजनी की खबर पर माती बस डिपो पर भी पुलिसकर्मी को तैनात कर दिया गया है।
भाऊपुर और मैथा रेलवे स्टेशन का लिया जायजा
शिवली। अग्निपथ योजना के विरोध को देखते हुए शनिवार को भाऊपुर व मैथा रेलवे स्टेशन पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी गश्त करते नजर आए। सीओ अरुण कुमार, कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार अर्चना शर्मा ने रेलवे स्टेशन व आसपास भ्रमण कर जायजा लिया। (संवाद)
झींझक स्टेशन पर आने जाने वालों से हुई पूछताछ
झींझक। अग्निपथ योजना के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों को देखते हुए शनिवार को झींझक स्टेशन पर सीओ डेरापुर ने भ्रमण किया। सीओ विजयेंद्र द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक मंगलपुर एसके मिश्र व जीआरपी इंचार्ज मनीष कुमार ने स्टेशन पर आने व जाने वालों से पूछताछ की। सीओ ने कहा कि सभी पुलिस कर्मी युवाओं को अग्निपथ योजना के बारे में जानकारी दें। (संवाद)