राजपुर में परीक्षा देकर कालेज से बाहर निकलती छात्राएं
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। गांधी इंटर कालेज नोनारी में शनिवार सुबह की पाली में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में अंग्रेजी का पेपर दे रहे मुन्ना भाई को पकड़ लिया गया। वह दूसरे छात्र के बदले परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक ने दोनों के खिलाफ डेरापुर थाने में परीक्षा अधिनियिम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। अन्य केंद्रों पर दो नकलची पकड़े गए।
गांधी इंटर कालेज नोनारी में परीक्षार्थी अनुज की जगह अविनाश परीक्षा देते पकड़ा गया। कक्ष निरीक्षक ने इसकी सूचना केंद्र व्यवस्थापक को दी। इसके बाद डीआईओएस अरविंद कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फर्जी तरह से बैठकर परीक्षा देने वाले के साथ असली परीक्षार्थी को भी बुला लिया। वह केंद्र के बाहर परीक्षा खत्म होने का इंतजार कर रहा था। केंद्र व्यवस्थापक ललित मोहन कुशवाहा ने दोनों छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुबह पाली में ही अंग्रेजी की परीक्षा में ग्राम विकास इंटर कालेज बुधौली में एक बालक व सीएलपाल इंटर कालेज सिठमरा में एक बालिका नकल करते पकड़ी गई। शाम पाली में इंटरमीडिएट की गृह विज्ञान की परीक्षा में 13 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। हाईस्कूल की अंग्रेजी की परीक्षा 2561 परीक्षार्थियों ने छोड़ दी।
शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए लिखा पत्र
बोर्ड परीक्षा में काफी संख्या में परिषदीय शिक्षकों ने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है। ऐसे लोगों की रिपोर्ट डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों से मांगी है। इसमें विवेकानंद इंटर कालेज कसोलर में बेसिक शिक्षा विभाग के चार शिक्षकों के ड्यूटी ज्वाइन न करने की रिपोर्ट दी गई। इस पर डीआईओएस अरविंद कुमार द्विवेदी ने सभी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए बीएसए को पत्र लिखा है। डीआईओएस ने बातया कि परीक्षा ड्यूटी न करना गंभीर मामला है। ऐसे लेागों को चिंह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
डीआईओएस अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि हाईस्कूल के एक छात्र के बदले बाहरी छात्र परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दो नकलची भी पकड़ गए हैं।