कानपुर देहात। बिजली विभाग अब उन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई आज से शुरू करेगा, जिन पर 10 हजार रुपये से अधिक बिजली बिल बकाया चल रहा है। ऐसे बकायेदारों पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। रविवार से झींझक, पुखरायां, रनियां डिवीजन में अभियान शुरू किया जाएगा। इसको लेकर विभाग के अधीक्षण अभियंता एसके श्रीवास्तव ने विभाग के अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि अभियान रविवार से शुरू होकर पांच सितंबर तक चलेगा। अभियान को लेकर सभी अधिकारियों को कार्रवाई को लेकर आदेश दे दिए गए हैं। अभियान में ऐसे बकायेदारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। जिन पर दस हजार से अधिक रुपये बकाया है। बताया कि रोजाना इसकी रिपोर्ट अधिकारियों से भेजी जाएगी। संवेदनशील क्षेत्र को लेकर विभाग पुलिस बल की मदद भी लेगा। सभी डिवीजन के लिए 250 बिजली कनेक्शन काटे जाने का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही बड़े बकायेदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसकी सूची अधिकारियों को दे दी गई।
शिवली प्रतिनिधि के मुताबिक, रविवार से दस हजार से ऊपर के बकायेदारों के खिलाफ कनेक्शन काटो अभियान चलाया जाएगा। उपखंड अधिकारी सौरभ कुमार मिश्रा ने बताया कि दस हजार रुपये से अधिक बकायेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई से बचने के लिए उपभोक्ता अपना बिल जमा कर दें।