कानपुर देहात। अकबरपुर के कंधिया गांव में गुरुवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
कंधिया निवासी राजकुमार का शव गुरुवार को गांव के बाहर एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस से भतीजे संदीप ने बताया कि तीन वर्ष पहले राजकुमार का विवाह पातेपुर निवासी अंजू से हुआ था।
शादी में अंजू के मौसा धरऊ निवासी जीतू ने बाइक दी थी। मंगलवार को राजकुमार की बाइक का इस्तेमाल अकबरपुर में किसी चोरी में किया गया। पुलिस की पूछताछ में राजकुमार ने अपने साले व गांव निवासी युवक के बाइक ले जाने की बात कही।
इससे नाराज ससुराल वाले राजकुमार के घर पहुंचे और हंगामा किया। इससे दुखी होकर राजकुमार ने फंदा लगा जान दे दी। थाना प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि संदीप की तहरीर पर जीतू समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।