मूसानगर (कानपुर देहात)। जरसेन निवासी एक महिला ने गांव के ही छह लोगों पर केरोसिन डालकर उसे व उसकी दो पुत्रियों को जलाकर मारने के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
संतोष माली की पत्नी सुमन (45) ने बताया कि मंगलवार सुबह वह अपनी पुत्री सौम्या (18) और मीरा (17) के साथ पैदल मूसानगर की बाजार जा रही थी। तभी जरसेन चांदपुर संपर्क मार्ग की पुलिया के निकट पीछे से दो बाइकों में सवार गांव के ही पप्पू सिंह, फुद्दल उर्फ वीरेंद्र, कुन्नी पुत्र सूरा सिंह उर्फ देवी गुलाम, नग्गू उर्फ संतोष पुत्र सुख लाल, कमलू पुत्र शारदा सिंह और एक अज्ञात छह लोग आए।
तीनों का रास्ता रोककर गाली-गलौज करने लगे। हाथ में लिए पीपे से केरोसिन उनके ऊपर डालकर आग लगा दी। इसके बाद लोग भाग गए। आग लगते ही पीड़िता ने अपनी साड़ी उतारकर फेंक दी। शोर मचाकर पुत्रियों समेत खेतों की ओर भाग गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से जली हुई साड़ी बरामद हुई है। थाना प्रभारी रामबहादुर बहादुर पाल ने बताया रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़िता के पति ने पहले भी छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।